बांदा। बांदा जेल में निरुद्ध बसपा के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी परेशान व बेचैन हैं। बैरक नंबर 16 में बंद मुख्तार अंसारी शरीर में निकल रहे लाल दानों व खुजली से काफी तकलीफ में हैं। उन्होंने अपने अधिवक्ता के माध्यम से मउ के सीजेएम कोर्ट में अर्जी देकर बीमारी व डाक्टरों की सलाह का उल्लेख करते हुए एयर कूलर व मच्छरदानी दिये जाने की गुहार लगाई है। अर्जी को संज्ञान में लेते हुए कोर्ट की ओर से कारागार अधीक्षक बांदा को पत्र भेजकर पूछा गया है कि क्या मुख्तार को जेल मैन्युअल के तहत ये सुविधाएं दी जा सकती हैं। अधिवक्ता की ओर से अदालत में अर्जी के जरिये कहा गया कि मुख्तार अंसारी मउ सदर विधानसभा से पांचवीं बार विधायक हैं। 16 वर्षों से वह जेल में बंद हैं। मुख्तार को शुगर, ब्लड प्रेशर, हाईपरटेंशन, यूरिक एसिड, कमर दर्द जैसी बीमारियां हैं। सुबह—शाम मिलाकर कुल 9 से 10 दवा की गोलियां खानी पड़ती हैं। 43 डिग्री तापमान में दवाएं गर्म हो रही हैं। शरीर में लाल दाने व खुजली हो रही है। कमर दर्द से भी दिक्कत हो रही है। डाक्टरों की ओर से कूलर, तख्त व मच्छरदानी की सलाह दी गई है। इन सारी सुविधाओं के लिए मुख्तार अंसारी खुद का पैसा खर्च करने को तैयार हैं। इसलिए कोर्ट की ओर से बांदा कारागार प्रशासन को आदेशित किया जाए कि यह सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। जिस पर कोर्ट की ओर से बांदा कारागार अधीक्षक से पूछा गया है कि क्या मुख्तार अंसारी को यह सुविधाएं जेल मैन्युअल के तहत दी जा सकती हैं। वहीं कारागार अधीक्षक प्रमोद तिवारी का कहना है कि मउ कोर्ट से पत्र प्राप्त हुआ है। मुख्तार को पहले से ही जेल मैन्युअल के तहत सुविधाएं दी जा रही हैं। जेल मैन्युअल के अनुसार कूलर, तख्त व मच्छरदानी देने की कोई व्यवस्था नहीं है।

0 Comments