लखनऊ। कई दिनों से कुछ व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी के ज्ञानवीर व कॉपी—पेस्ट तथा बिना सोच—समझे फॉरवर्ड करने वाले लोग कोराना व 5—जी नेटवर्क के ट्रॉयल को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैला रहे हैं। कुछ लोग जाने—अनजाने भी इस अफवाह फैलाने के कार्य में शामिल हैं। शासन व प्रशासन का मानना है कि यह अफवाह सूबे की कानून—व्यवस्था बिगाड़ने की साजिश से जुड़ा हुआ है। इस प्रकार की भ्रांतिया फैलाकर समाज में अव्यवस्था फैलाने की कोशिश हो रही है। लेकिन अब ऐसी अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। एडीजी कानून—व्यवस्था प्रशांत कुमार ने सभी जनपदों के एसपी को अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मालूम हो कि कई दिनों से प्रदेश के अंदर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई जा रही है कि 5—जी टेस्टिंग के दौरान पैदा हो रही तरंगों से कोरोना फैल रहा है और लोगों की मौत हो रही है। कुछ पोस्ट के जरिये इटली में कोविड से जान गंवाने वाले लोगों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद उनकी मृत्यु रेडिएशन से होने की अफवाह भी फैलाई जा रही है। वहीं खुफिया विभाग की ओर से ऐसे संदेशों व अफवाहों को लेकर डीजीपी मुख्यालय को अपनी रिपोर्ट दी है। इन अफवाहों के तहत वाराणसी के एक युवक की बिहार के निवासी से बातचीत का आडियो वायरल हो रहा है, जिसमें 5—जी टावर की टेस्टिंग से लोगों के मारे जाने की बात कही जा रही है। वहीं फतेहपुर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर व सुल्तानपुर के गांवों में फाइव जी टावर टेस्टिंग से लोगों की मौत होने तथा ग्रामीणों की ओर से टावर को बंद कराने व उखाड़ फेंकने की धमकी दिये जाने की सूचनाएं भी सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही है। वहीं एडीजी कानून—व्यवस्था प्रशांत कुमार की ओर से निर्देश दिया गया है कि ऐसी वायरल सूचनाओं को लेकर खुफिया तंत्र को लगातार सक्रिय रखा जाए और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

0 Comments