गोरखपुर। यूपी के सिद्धार्थनगर जनपद में भारत—नेपाल बॉर्डर के पास बड़ी संख्या में कौवों के मरने की सूचना पर स्थानीय लोगों में खलबली मच गई। लोग इसको लेकर तरह—तरह की आशंकाएं व्यक्त कर रहे हैं। हालांकि यह जांच का विषय है कि पक्षियों की मौत आखिर कैसे हुई। कपिलवस्तु के मजिगवा गांव के पास लगभग 500 कौवों की मौत की सूचना मिल रही है। इनके मरने के पीछे क्या कारण हैं, इसका पता नहीं चल पा रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि खेतों में कौंवों के झुंड मरे पड़े नजर आए। इनकी संख्या लगभग 500 है। वहीं डीएफओ आकाश दीप बधावन के अनुसार मौसम में अचानक आये बदलाव के कारण भी ऐसा हो सकता है। साथ ही इसका एक कारण बर्ड फ्लू भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि अभी कारण के बारे में कुछ नहीं बताया जा सकता है। जांच के बाद ही इनकी मृत्यु का कारण स्पष्ट हो पायेगा।

0 Comments