लखनऊ। प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का परिणाम आने के बाद अब सभी लोगों की दिलचस्पी जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव को लेकर है। हालांकि जिल पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव पर कोरोना संक्रमण की काली साया मंडरा रही है। ऐसे में आशंकाओं के बादल गहरे होते जा रहे हैं। आशंका व्यक्त की जा रही है कि कहीं जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव को आगे के लिए टाल न दिया जाए। लेकिन अंदरखाने की खबर यह है कि नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों के शपथ ग्रहण की तैयारी शुरू हो गई है। उम्मीद है कि 15 मई तक ग्राम प्रधानों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम हो जायेगा। इसके बाद 29 मई तक जिला व क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव कराने का प्रस्ताव है। ब्लाक प्रमुख का चुनाव 14 से 17 मई तक कराने का प्रस्ताव है। जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव 20 से 27 मई तक के बीच में कराने की योजना है। हालांकि इन तारीखों को लेकर अभी तक हरी झंडी नहीं दी गई है। अभी तक इनका अस्तित्व प्रस्तावों में ही है। यदि राज्य निर्वाचन आयोग से इन प्रस्तावों को मंजूरी मिल जाती है तो रास्ता साफ हो जायेगा। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से ही फाइनल तिथियों की घोषणा की जायेगी। इसलिए सभी की निगाहें अब राज्य निर्वाचन आयोग पर टिकी हुई है। अब देखने वाली बात होगी कि राज्य निर्वाचन आयोग जिला पंचायत अध्यक्ष पद व ब्लाक प्रमुख का चुनाव इसी महीने निपटा देगा या फिर कोरोना के कारण इसको आगे के लिए टाल दिया जायेगा। गौरतलब हो कि यूपी के 75 जिला पंचायत अध्यक्षों व 826 ब्लॉक प्रमुखों का चुनाव होना तय है। नवनिर्वाचित 3050 सदस्य व 75 जिला पंचायत अध्यक्षों का चुनाव होगा। साथ ही 75,845 क्षेत्र पंचायत सदस्य व 826 ब्लाक प्रमुखों को चुनने के लिए मतदान होना तय है।