वाराणसी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन के लिए एक चुनौती है। यही कारण है कि अभी से प्रशासन पूरी तरह से एक्शन में नजर आ रहा है। उन सभी बिंदुओं पर कार्य किया जा रहा है, जिससे चुनाव की शांति प्रक्रिया बाधित होने की संभावना है। ऐसे में मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल की ओर से पत्र के जरिये पुलिस व आबकारी विभाग को फरमान जारी किया गया है कि घर में मानक से अधिक शराब स्टॉक करने पर संबंधित के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाए। विशेष रूप से नकली शराब मिलने पर। जनपद में कहीं पर भी अवैध ढंग से शराब न बनने पाए, यह सुनिश्चित किया जाए। मालूम हो कि पंचायत चुनाव में शराब का खेल जमकर चलता है। मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए उम्मीदवारों व उनके समर्थकों की ओर से शराब का वितरण किया जाता है, इसी को देखते हुए यह अहम निर्देश दिया गया है।