दिल्ली। उत्तराखंड के नये मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत पद ग्रहण करने के बाद से ही विवादों में चल रहे हैं। वह अपने विवादित बयानों के कारण लगातार सुर्खियों में हैं। उनके बयानों के कारण भाजपा असहज महसूस कर रही है और जमकर फजीहत हो रही है। जबकि विरोधी भगवा खेमे पर चुटकी ले रहे हैं। उत्तराखंड के सीएम के बयान सोशल मीडिया पर भी ट्रेंड कर रहे हैं। सबसे पहले उन्होंने महिलाओं के रिप्ड जींस यानी फटी जींस पर बयान दिया। ताजा बयान उनका है कि देश अमेरिका का 200 वर्षों तक गुलाम रहा। उनका बयान इस प्रकार रहा — अमेरिका ने हमें 200 साल तक गुलाम बना रखा और दुनिया पर राज किया। वर्तमान में वह कोरोना से संघर्ष कर रहा है। वह डोल गया, बोल गया पौने तीन लाख से भी ज्यादा मृत्युदर चली गई। इसके बाद उनका एक और बयान चर्चा में है। कहा कि लोगों के परिवार को दस किलो और बीस लोगों के परिवार को एक क्विंटल अनाज क्यों दिया गया। भला इसमें दोष किसका है। उसने 20 पैदा किये, इसलिए उसे एक क्विंटल मिल रहा है और आपने दो पैदा किए इसलिए आपको दस किलो मिल रहा है। इसमें जलन किस बात की। जब वक्त था तो उस समय आपने दो बच्चे ही क्यों पैदा किये, 20 क्यों नहीं।

0 Comments