गाजीपुर। नंदगंज क्षेत्र के ग्राम सभा सौरी में माँ चण्डिका देवी मन्दिर के प्रांगण में चल रहे सात दिवसीय श्रीमद्धभागवत गीता प्रवचन का समापन गुरुवार की देर रात सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के जिला संयोजक रविन्द्र श्रीवास्तव ने माताओं—बहनों को अंगवस्त्र साड़ी और प्रसाद वितरित किया। रविन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि वे लोग बहुत ही भाग्यशाली होते हैं, जिन्हें श्रीमद्धभागवत गीता का अमृत वचन सुनने को मिलता है। आज हमारा समाज अपनी संस्कृति को भूलता जा रहा है। जबकि हमारा व हमारे देश की असली पहचान ही हमारी भारतीय संस्कृति रही है। संस्कार विहीन व्यक्ति को कहीं भी आदर नहीं मिलता। इसलिये जरूरी है कि हम अपने आदर्शों और संस्कारों को अपनाएं, तभी हमारा और हमारे समाज का कल्याण होगा। इस मौके पर झांकी के माध्यम से श्रीकृष्ण औऱ सुदामा की मित्रता का सुंदर सजीव चित्रण किया गया जिसे देखकर पण्डाल में बैठे सैकड़ों भक्तों की आंखें नम हो गयीं। बताते चलें कि पिछले 19 मार्च से लगातार संगीतमय श्रीमद्धभागवत गीता का प्रवचन मुख्य कथा वाचक परमपूज्य लालजी महाराज व्यासपीठ द्वारा सुनाया जा रहा था। जिसमे स्वामी हरिहरानंद जी महाराज, शिवाकांत जी महाराज (पुरोहित), महेन्द्र जी महाराज, अखिलेश जी महाराज, विवेक जी महाराज आदि लोगो ने संगीतमय श्रीमद्धभागवत गीता सत्संग को प्रस्तुत किया। वहीं आयोजक टीम में मुख्य रूप से शिवानन्द राय (प्रबन्धक हरिओम पब्लिक स्कूल), प्रिन्स राय (अध्यक्ष माँ चण्डिका समिति), अनिल चौबे, अवनी राय, राजेश राय, संतोष राय, बलिराम बिन्द, शिवम पाण्डेय आदि लोग मौजूद रहे।

0 Comments