गाजीपुर। अब महिलाएं अस्पतालों में भी सुरक्षित नहीं हैं। विकृत मानसिकता के लोग हर जगह मौजूद हैं। सोचिए, यदि कोई महिला मरीज किसी प्राइवेट अस्पताल में जाए और उसके संग वहां का कर्मचारी छेड़खानी करे तो फिर कहां भरोसा किया जाए। ऐसा ही मामला सिंह हास्पिटल का भी उजागर हुआ है। सदर कोतवाली के जमानियां मोड़ स्थित सिंह हास्पिटल में एक महिला मरीज संग अस्पताल कर्मी ने छेड़खानी की। जब लोगों को इसके बारे में पता चला तो वह आक्रोशित हो उठे। गुस्साएं लोगों ने रास्ता जाम कर दिया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद रास्ता जाम समाप्त हुआ। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल संचालक राजेश सिंह व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच कर रही है। बताया जाता है कि बीते 24 मार्च को एक महिला को सीने में दर्द की शिकायत हुई। उसके बाद उसको सिंह हास्पिटल के आइसीयू में भर्ती कराया गया। पीड़िता का आरोप है कि 25 मार्च की रात एक कर्मचारी ने उसके साथ अश्लील हरकत की। 26 मार्च को घर आने के बाद उसने परिजनों को पूरी बात बताई। जिसके बाद यह बात ग्रामीणों तक भी पहुंची। क्षेत्र के लोग आक्रोशित हो उठे। उन्होंने रास्ता जाम करके अस्पताल को सीज करने की मांग की। किसी तरह से रास्ता जाम समाप्त कराया गया। मालूम हो कि सिंह हास्पिटल इससे पहले भी सुर्खियों में रहा है। पूर्ववर्ती प्रदेश सरकार के कार्यकाल में राजेश यादव हत्याकांड के बाद क्षेत्र के लोग आक्रोशित हो उठे थे, उन्होंने सिंह हास्पिटल में जमकर तोड़फोड़ व आगजनी की थी। उस समय सियासी रूप से भी दो फाड़ नजर आया था। पूर्ववर्ती सरकार के दो तत्कालीन मंत्री आमने—सामने आ गये थे। एक पूर्व मंत्री की ओर से अस्पताल संचालक के पक्ष में पैरवी की जा रही थी। वहीं ताजा घटनाक्रम के बाद सिंह हास्पिटल एक बार भी चर्चाओं में आ गया है। वहीं एसपी डा. ओपी सिंह के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में कुछ स्पष्ट नजर नहीं आया है। बावजूद इसके मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।