वाराणसी। पत्नी को गुलाल लगाने से मना करने पर निवर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य राजू राजभर 35 की पीट—पीटकर हत्या कर दी गई। हमले में चार लोग घायल भी हो गये हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामला चौबेपुर के बराई गांव का है। बताया जा रहा है कि राजू राजभर के घर युवकों का एक झुंड पहुंचा। उनकी पत्नी संग बदतमीजी करते हुए गुलाल लगाने का प्रयास करने लगे। इसका विरोध राजू ने किया। जिस पर मनबढ़ युवकों ने हमला बोल दिया। बाद में युवकों के और साथी मौके पर आ गये। हमले में राजू राजभर की पत्नी, गोविंद कुमार, अजय कुमार व गोरखनाथ घायल हो गये हैं। इन्हें नरपतपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया है। 6 युवकों के खिलाफ हत्या, बलवा, महिला संग अभद्रता का मुकदमा दर्ज किया गया है। दो आरोपी विशाल पांडेय व नितेश प्रजापति की गिरफ्तारी हो चुकी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश डाल रही है।