आजमगढ़। यूपी में कत्ल किया तो खैर नहीं…। अब तक केवल माफियाओं के खिलाफ ही प्रदेश सरकार का बुल्डोजर गरज रहा था। लेकिन कानून—व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अब हत्यारोपितों के अवैध निर्माण पर भी प्रदेश सरकार का बुल्डोजर चल रहा है। मामला बरदह के सोनहरा गांव का है, जहां अनिल यादव 42 की लाठियों से पीट—पीटकर हत्या कर दी गई। रास्ते में पहले से मौजूद हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं गांव में भी पुलिस बल की तैनाती की गई है। अनिल यादव की गुजरात के अहमदाबाद में जींस की फैक्ट्री थी। वह महज पांच दिन पूर्व घर लौटे थे। वह अपने माता—पिता के इकलौते पुत्र थे। इस बार उनका इरादा प्रधानी का चुनाव लड़ने का था। इसलिए इस मामले को राजनीति की रंजिश से भी जोड़कर देखा जा रहा है। वैसे पुलिस की ओर से नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस की ओर से मुख्य हत्यारोपित की गिरफ्तारी करते हुए उसके अवैध मकान निर्माण को जमींदोज करवा दिया गया। एसपी सुधीर कुमार सिंह के अनुसार मुख्य आरोपित को गिरफ्तार करके उसके अवैध निर्माण को गिरवा दिया गया है। अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

0 Comments