गाजीपुर। कुछ ही दिनों पहले सुप्रीम कोर्ट की ओर से पंजाब सरकार को आदेश दिया गया कि मुख्तार अंसारी को दो सप्ताह के अंदर यूपी सरकार को सौंप दिया जाए। अब बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की सुरक्षा को लेकर उनके परिजन सक्रिय हो गये हैं। इस सक्रियता का कारण उनका यूपी आगमन है। मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशां की ओर से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को पत्र लिखा गया है। उन्होंने पत्र में सुप्रीम कोर्ट की ओर से मुख्तार अंसारी को यूपी भेजने का जिक्र करते हुए उनकी सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम सुनिश्चित करने का आदेश देने की मांग की गई है। पत्र के अनुसार उनके पति एक प्रकरण में चश्मदीद गवाह हैं। इसमें भाजपा के विधान परिषद सदस्य माफिया बृजेश सिंह व त्रिभुवन सिंह आरोपित हैं। पत्र में आरोप लगाया गया है कि दोनों सरकारी तंत्र की मिलीभगत से मुख्तार अंसारी को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे खतरा महसूस हो रहा है कि पंजाब से यूपी लाते समय रास्ते में फर्जी मुठभेड़ की आड़ में मुख्तार अंसारी की हत्या की जा सकती है। अन्य विचाराधीन बंदियों की तरह उनके पति को भी कोविड—19 वैश्विक महामारी के कारण अदालत में खुद पेश होने की छूट दी गई है व वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पेशी कराई जा रही है। पत्र में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, भाजपा विधायक सुशील कुमार सिंह, विजय राजभर, मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाइजर शलभमणि त्रिपाठी, बीजेपी नेता अफताब आडवानी के बयानों का जिक्र प्रमुखता से किया गया है।

0 Comments