वाराणसी। हाल के दिनों में सुर्खियों में बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी ही चल रहे हैं। उनसे जुड़ा कोई न कोई समाचार जरूर अपडेट हो रहा है। इसके पीछे प्रमुख कारण बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी से जुड़े घटनाक्रम बड़ी तेजी से बदल रहे हैं। जिसके कारण हर किसी की निगाह उन्हीं के उपर जाकर टिक गई है। एक मामला गाजीपुर के मुहम्मदाबाद विधानसभा सीट की भाजपा विधायक अलका राय के ट्वीट का है। दरअसल पंजाब के रोपड़ जेल में बंद मुख्तार अंसारी की मोहाली कोर्ट में पेशी हुई थी। बताया जा रहा है कि जिस एंबुलेंस से वह वहां पहुंचे थे, वह एक निजी एंबुलेंस थी। दावा किया जा रहा है कि उक्त एंबुलेंस का रजिस्ट्रेशन यूपी के बाराबंकी के एक निजी के नाम से है। उसका नंबर यूपी 41 एटी 7171 है। बखेड़ा खड़ा होने के बाद उप्र में एंबुलेंस सेवा प्रदाता कंपनी की दलील है कि यह एंबुलेंस किसी भी सरकारी अस्पताल को अपनी सेवा नहीं देती है। इसी को मुद्दा बनाते हुए अलका राय की ओर से ट्वीट करके राहुल गांधी व प्रियंका गांधी पर सीधा हमला बोला गया है। उन्होंने ट्वीट किया है कि — राहुल गांधी व प्रियंका गांधी जी की सरकार माफिया डॉन मुख्तार अंसारी को बचाने के लिए कोई कोर—कसर नहीं छोड़ रही है। आज जिस तथाकथित एंबुलेंस में मुख्तार अंसारी को कोर्ट में पेश किया गया, वह तथाकथित एंबुलेंस मुख्तार अंसारी को किसने मुहैया कराई, इसकी जांच होनी चाहिए।

0 Comments