पटना। होली के पर्व पर ऐसा जख्म मिला है, जिसको ताउम्र भूला नहीं जा सकता है। भविष्य में जब—जब होली का पर्व आयेगा यह जख्म हरा हो जायेगा। पीड़ित परिवारों के दिल में इसकी टीस उठती रहेगी। गया के बोधगया में एक ओर होलिका हो रही थी तो दूसरी तरफ आग की जद में आने से तीन बच्चों की मौत हो गई। वहीं एक बच्चा जलने के कारण गंभीर रूप से झुलस गया है। बताया जा रहा है कि बोधगया क्षेत्र के मनकोसी गांव के राहुल नगर टोला में रविवार की रात होलिका दहन हो रहा था। दूसरी तरफ चार बच्चे आग की चपेट में आ गये। कलेश्वर मांझी के 12 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार, बाबूलाल मांझी के 13 वर्षीय पुत्र नंदलाल मांझी व पिंटू मांझी के 12 वर्षीय पुत्र उपेंद्र की जलने के कारण मौत हो गई। जबकि मोराटाल पंचायत की उपमुखिया गीता देवी का 12 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार गंभीर रूप से झुलसा हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है। लोगों का कहना है कि कुछ बच्चे लुकबारी यानी जलती लकड़ी लेकर गांव के सामने वाली पहाड़ी पर गये थे। इसी दौरान किसी बच्चे ने पहाड़ी पर झाड़ीनुमा सिरकी में आग फेंक दिया। पूरी झाड़ी आग की लपटों में आने के बाद बच्चे में उसमें फंस गये।

0 Comments