दिल्ली। दो सप्ताह के अंदर बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को पंजाब से यूपी भेजने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उप्र पुलिस मिशन मुख्तार पर जुट गई है। इसके तहत तैयारी की जा रही है कि सकुशल मुख्तार अंसारी को यूपी लाया जाए। सूत्रों का कहना है कि मुख्तार अंसारी को यूपी सकुशल लाने के लिए हाईसिक्योरिटी सुरक्षा इंतजाम किया जायेगा। पंजाब के रोपड़ से उन्हें बांदा जेल लाया जायेगा। इसके बाद प्रयागराज के एमपी—एमएलए कोर्ट का जैसा आदेश होगा, उसका पालन यूपी सरकार करेगी। यूपी के बांदा से पंजाब के रोपड़ की दूरी लगभग 890 किमी है। वैसे मुख्तार अंसारी को पंजाब से यूपी किस माध्यम से लाया जायेगा, यह अभी तय नहीं हुआ है। वैसे तीन विकल्प सामने नजर आ रहे हैं। एक हवाई मार्ग, दूसरा ट्रेन व तीसरा सड़क मार्ग का। अब यह देखने वाली बात होगी कि यूपी सरकार की ओर से किसका चुनाव किया जायेगा। पंजाब से मुख्तार अंसारी को यूपी लाने वक्त सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए उप्र की राजधानी में पुलिस महकमे के आला अधिकारियों की बैठक भी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि उनको लाने का रोडमैप लगभग तय हो चुका है, लेकिन इसको सार्वजनिक नहीं किया गया है। केवल तारीख मुकर्रर करने की देर है कि ​कब उन्हें पंजाब से यूपी लाया जायेगा। पंजाब से यूपी लाते समय मुख्तार अंसारी के पुख्ता सुरक्षा इंतजाम के लिए एसटीएफ के तेजतर्रार अफसर भी साथ रहेंगे। वैसे संभावना जताई जा रही है कि मुख्तार अंसारी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके समर्थक भी उनके पीछे—पीछे वाहनों के काफिलों संग आ सकते हैं। पुलिस महकमे की बैठक में इस बिंदु पर भी मंथन हुआ है।