वाराणसी। पूर्वांचल में होली का पर्व वैसे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया लेकिन होली के हुड़दंग के रुझान के रूप में कुछ मामले भी प्रकाश में आए। मऊ के कोपागंज के कोपाकोहना में होली खेलते वक्त दो युवक आपस में भिड़ गये। जिसके बाद दोनों में जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान एक युवक ने दूसरे युवक का कान काट लिया। उसका हमला इस कदर गंभीर था कि दूसरे युवक का आधा कान बाहर आ गया। घटना के बाद मौके पर होली खेल रहे सभी युवक नदारद हो गये। घायल युवक को उपचार के लिए सीएचसी भेजवाया गया। डाक्टरों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जबकि आरोपित युवक की तलाश पुलिस कर रही है। बताया जा रहा है कि कोपाकोहना के अनिल कुमार अपने मित्रों संग होली खेल रहे थे। इसी दौरान वाजिदपुरा का संतोष वहां पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों में बहस होने लगी। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, दोनों में मारपीट होने लगी। आरोप है कि संतोष ने इस दौरान अनिल का आधा कान काट लिया। वहीं वाराणसी में लंका के नरियां स्थित रोहित नगर कॉलोनी में डीजे पर अश्लील गाना बजाने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गये। दोनों ओर से जमकर लाठी—डंडा, ईंट—पत्थर चले। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस दो युवकों को हिरासत में ली। जबकि अन्य युवक मौके से भाग खड़े हुए।