गाजीपुर। जिले में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का आगमन होने जा रहा है। हालांकि वह वैवाहिक कार्यक्रम में शरीक होने के लिए आ रहे हैं लेकिन गाजीपुर में आगमन व रक्षा मंत्री जैसा अहम पद, ऐसे में जिलेवासियों की अपेक्षाए तो बनती हैं। अब यह देखने वाली बात होगी कि वह कार्यक्रम में भागीदारी करके केवल चले जाते हैं या फिर मीडिया के जरिये जिले में विकास की गति को तेज करने के लिए किसी रक्षा उत्पाद से संबंधित फैक्ट्री वगैरह की घोषणा करते हैं। नजर भाजपा पर व जनप्रतिनिधियों पर भी रहेगी। क्या भाजपा व जनप्रतिनिधियों की ओर से जनपद में रक्षा उत्पाद से संबंधित किसी कल—कारखाने की मांग की जायेगी या फिर उपस्थित होकर केवल उनकी मेजबानी व स्वागत किया जायेगा। वहीं सैदपुर के वार्ड 11 के मदारीपुर मोहल्ला निवासी डा. बिजेंद्र कुमार के शादी समारोह में 27 फरवरी को देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का आगमन होना प्रस्तावित है। इसी के मद्दनेजर डीएम मंगला प्रसाद सिंह व एसपी डा. ओमप्रकाश सिंह की ओर से मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया गया। बिजेंद्र के परिजनों से मुलाकात करके रक्षामंत्री के बैठने के स्थान का चुनाव किया गया। बताया जाता है कि जब राजनाथ सिंह उप्र के मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने डा. बिजेंद्र को गोद लिया था। पढ़ाई—लिखाई सहित पूरी जिम्मेदारी का निर्वहन उनके द्वारा किया गया। वर्तमान में बिजेंद्र डाक्टर हैं।

0 Comments