दिल्ली। यूपी के अयोध्या में भव्य राममंदिर निर्माण के लिए पूरे देश में दान संग्रह अभियान चल रहा है। इस कार्य में आरएसएस से लेकर कई हिंदूवादी संगठन अपनी भूमिका अदा कर रहे हैं। जिस प्रकार से लोग दान दे रहे हैं, वह पूरे देश में राममंदिर निर्माण को लेकर लोगों के उत्साह को दर्शा रहा है। मालूम हो कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र की ओर से मकर संक्रांति माघ पूर्णिमा से पूरे देश में निधि समर्पण व गृहसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतिम चरण के तहत स्वयंसेवक डोर—टू—डोर संग्रहण करना बंद करके संग्रहण राशि को बैंक में जमा करवाने से लेकर दानदाता की पूरी डिटेल्स को लिखने में जुटे हुए हैं। वहीं इस कवायद का मुख्य उद्देश्य पूरे देश की भावनाओं को राममंदिर से जोड़ना है। वहीं अकेले राजस्थान से राममंदिर निर्माण के लिए रामभक्तों की ओर से अब तक 500 करोड़ रुपये का दान दिया गया है। राजस्थान में जयपुर प्रांत से 100 करोड़ रुपये से अधिक तो वहीं चितौड़ प्रांत की ओर से 150 करोड़ से ज्यादा का अंशदान किया गया है। सबसे अधिक जोधपुर प्रांत की ओर से 210 करोड़ से अधिक का दान दिया गया है। वहीं इस अभियान को लेकर कई तरह की तस्वीरें सामने आईं। अमीर से लेकर गरीब व बच्चों से लेकर गृहणियों तक ने दान दिया।