लखनऊ। अजीत सिंह हत्याकांड में देर से ही सही लेकिन पुलिस का शिकंजा अब पूर्वांचल के बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर कसने लगा है। गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद वह अंडर ग्राउंड हो चुके हैं। जबकि लखनऊ व जौनपुर पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर उनकी तलाश कर रही है। लेकिन अब तक धनंजय सिंह के बारे में पता नहीं चल पाया है। संभावना जताई जा रही है कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में समर्पण कर सकते हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच व विभूति खंड थाने की पुलिस टीम गठित की गई है। साथ ही पूर्व सांसद के करीबियों की लिस्ट भी तैयार हो रही है। मालूम हो कि बीते 6 जनवरी को अजीत सिंह की विभूति खंड के कठौता चौराहे पर गैंगवार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह आजमगढ़ के पूर्व विधायक सवे्रश सिंह हत्याकांड में गवाह थे। इस प्रकरण में आजमगढ़ जेल में बंद कुंटू सिंह, बरेली जेल में बंद अखंड व एक लाख के इनामिया शूटर गिरधारी को नामजद किया गया था। अभी कुछ दिनों पहले ही एनकाउंटर में गिरधारी मारा गया। पुलिसिया जांच में इस पूरे प्रकरण में धनंजय सिंह का भी नाम सामने आया है। उन्हें हत्या की साजिश रचने का आरोपित बनाया गया है।