चंदौली। कानून तो सबके लिए एक समान होता है। चाहे बात सत्ताधारी की हो या फिर आम जनता की। कुछ दिनों पूर्व यूपी में माफियाओं व अपराधियों के अवैध निर्माण कार्यों पर बुल्डोजर गरजा था। वहीं अब मामला प्रकाश में आया है कि जिला पंचायत से बगैर नक्शा पास कराये भाजपा जिला कार्यालय का निर्माण कराया गया है। जिसके कारण जिला मजिस्ट्रेट संजीव सिंह की ओर से पार्टी जिलाध्यक्ष को नोटिस जारी करने के साथ 21,322 रुपये जुर्माना लगाया गया है। जिसके बाद सत्ताधारियों में खलबली मची हुई है। दूसरी तरफ भाजपा पदाधिकारियों की ओर से जल्द ही जुर्माना अदा करने की बात कही गई है। मालूम हो कि जिला मुख्यालय से कुछ ही दूर स्थित जसुरी गांव में पार्टी की ओर से 2017—18 में 516.83 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में भवन का निर्माण कराया गया। नियमानुसार जिला पंचायत ग्रामीण क्षेत्र में बगैर नक्शा पास कराये बने हुए भवन 20 से 50 प्रतिशत तक जुर्माना लगा सकता है। इसी के तहत जिला पंचायत विभाग की ओर से पार्टी जिलाध्यक्ष को नोटिस जारी कर जुर्माने की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई जिला पंचायत अध्यक्ष पद का कार्यकाल समाप्त होने के बाद प्रशासक के रूप में तैनात डीएम की ओर से की गई है। गौरतलब हो कि शहरी क्षेत्रों में बगैर नक्शा पास कराये कोई भी अवासीय व व्यवसायिक भवन निर्माण नहीं किया जा सकता है। यही नियम अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी लागू कर दिया गया है। नियमानुसार भूस्वामी को जिला पंचायत से नक्शा पास कराना होगा। अपर मुख्य अधिकारी कमलेश सिंह के अनुसार भाजपा जिला काया्रलय का भवन बगैर नक्शा पास कराये बनवाने पर जिलाध्यक्ष को नोटिस जारी करने के साथ जुर्माना लगाया गया है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह का कहना है कि नक्शा अधूरा होने के कारण यह पेनाल्टी लगी है। प्रदेश मुख्यालय को इससे अवगत कराया गया है। निर्देश मिलने पर पैसा जमा कर दिया जायेगा।

0 Comments