दिल्ली। यूपी में एक और एनकाउंटर हुआ। इस एनकाउंटर में कासगंज के सिढ़पुरा के गांव नगला धीमर में सिपाही की हत्या व दरोगा को गंभीर रूप से घायल करने का मुख्य आरोपित कच्ची शराब का माफिया मोती को पुलिस ने ढेर कर दिया। वारदात के 11 दिन बाद पुलिस एनकाउंटर में शराब माफिया मोती मारा गया। उसके पास से दरोगा की लूटी हुई पिस्टल, एक तमंचा, खोखा व जिंदा कारतूस बरामद हुए। उसके उपर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। गौरतलब हो कि सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव नगला धीमर में बीते 9 फरवरी को कच्ची शराब माफिया ने सिढ़पुरा थाने के आरक्षी देवेंद्र कुमार की हत्या कर दी थी। जबकि हमले में दरोगा अशोक कुमार सिंह घायल हो गये थे। एक आरोपित व मोती के भाई एलकार को पुलिस ने 10 फरवरी को ही एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। जबकि उस वक्त मोती मौके से भाग गया था। बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली कि करतला रोड पर काली नदी के पास जंगलों में मोती व उसके साथी छिपे हुए हैं। पुलिस की ओर से उनकी गिरफ्तारी के लिए कांबिंग की गई तो यहां पर मुठभेड़ हो गई और गोली लगने से मोती की मौत हो गई।