दिल्ली। महाराष्ट्र में कोरोना के नये केस सामने आने के बाद दिक्कत बढ़ती जा रही है। उद्धव सरकार के मंत्री विजय वडेट्टीवार ने कहा कि नागपुर, अमरावती, यवतमाल जैसे जनपदों में कोविड19 के मामलों को देखते हुए प्रदेश सरकार यहां नाइट कर्फ्यू लगाने पर विचार कर रही है। इसको लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक होगी। मालूम हो कि महाराष्ट्र में तेजी से कोरोना केस बढ़ने के मामले प्रकाश में आए हैं। जिसके कारण मुंबई महानगरपालिका की ओर से सख्ती बरतनी शुरू कर दी गई है। कोरोना गाइड लाइन का पालन नहीं करने पर कुछ रेस्त्रां व क्लब पर छापेमारी भी की गई। वैज्ञानिकों के ताजा अध्ययन के अनुसार भारत में कोरोना के 5000 से अधिक स्वरूप यानी वैरिएंट पाये गये हैं। बताया गया कि कोई भी वायरस प्राकृतिक तौर पर म्यूटेट करते हैं यानी अपनी संरचना में बदलाव करते रहते हैं। अमूमन वायरस महीने में एक या दो बार बदलाव करते हैं। कोरोना वायरस के संदर्भ में भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। यह अध्ययन वैज्ञानिक व औद्योगिक अनुसंधान यानी सीएसआईआर के कोशिका व आणविक जीवन विज्ञान केंद्र यानी सीसीएमबी के वैज्ञानिकों ने किया है।