दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ यानी आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत व बॉलीवुड अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती की मुलाकात के बाद तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इस बात की भी चर्चा है कि क्या मिथुन चक्रवर्ती भगवा खेमे में आयेंगे। दरअसल आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत मिथुन चक्रवर्ती से मिलने के लिए मुंबई स्थित उनके घर पहुंचे। इसके पूर्व 2019 में भी मोहन भागवत व मिथुन चक्रवर्ती की मुलाकात हुई थी। उस दौरान वह आरएसएस कार्यालय भी गये थे। साथ ही उन्होंने संघ संस्थापक डा. हेडगेवार की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया था। गौरतलब हो कि मिथुन चक्रवर्ती को तृणमूल कांग्रेस यानी टीएमसी की ओर से पश्चिम बंगाल से राज्यसभा भेजा गया था लेकिन लगातार अनुपस्थित होने के कारण खुद ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। इस घटना के बाद से ही मिथुन चक्रवर्ती व भगवा खेमे की नजदीकियां लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मुलाकात के क्या मायने निकलेंगे, यह देखने वाली बात होगी।

0 Comments