दिल्ली। युवा किसान मोदी सरकार की सौगात का लाभ उठा सकते हैं। केंद्र की मोदी सरकार की ओर से गांवों में रहने वाले युवाओं के लिए विशेष स्कीम लांच की गई है। इस योजना का नाम मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन योजना है। योजना के तहत गांवों में रहने वाले युवा किसान जिनकी उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच है, वे ग्रामीण स्तर पर मिनी मृदा परीक्षण प्रयोगशाला की स्थापना कर सकते हैं। इसके लिए सरकार की ओर से 3.75 लाख रुपये दिये जायेंगे। गौरतलब हो कि इस योजना की शुरुआत 19 फरवरी 2015 को राजस्थान के सूरतगढ़ में मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के जरिये की गई थी। योजना का उद्देश्य हर दो वर्ष में किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी करना है ताकि मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी दूर करने के उपाय सुनिश्चित किये जा सकें। 2015 से 2017 तक 10.74 करोड़ किसानों को सॉयल कार्ड दिये जा चुके हैं। वहीं दूसरे चरण यानी 2019 तक लगभग पौने 12 करोड़ किसानों को यह कार्ड मिल चुका है।