आजमगढ़। कुख्यात अपराधी ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू के उपर प्रशासन का शिकंजा कसता चला जा रहा है। जीयनपुर क्षेत्र के खर्र रस्तीपुर स्थि​त उसके दोनों कॉलेजों की मान्यता निरस्त होगी। इसकी संस्तुति डीएम राजेश कुमार की ओर से कर दी गई है। इसके पूर्व जिला पंचायत प्रशासन की ओर से नोटिस जारी करके दोनों कॉलेजों के मानचित्र के बारे में जानकारी मांगी थी। यदि इस मामले में नियमों का उल्लंघन पाया जायेगा तो जाहिर सी बात है कि कॉलेजों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जायेगी। दरअसल प्रदेश की राजधानी में अजीत सिंह की हत्या के बाद से कुंटू चर्चाओं में आया हुआ है, जिसके बाद से वह प्रशासन व प्रशासन के रडार पर है। सगड़ी क्षेत्र के छपरा सुल्तानपुर निवासी ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह की पहचान बतौर गैंगस्टर बदमाश की है। एक दशक पूर्व बसपा के पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू की हत्या में बतौर मुख्य आरोपित उसका नाम सामने आया था।