गाजीपुर। जनपद में अराजकतत्वों के द्वारा भगवान हनुमान व बुद्ध की प्रतिमा तोड़ने का मामला प्रकाश में आया है। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के रामपुर उर्फ साधोपुर गांव के गंगा किनारे स्थित हनुमान जी की प्रतिमा को अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले की जानकारी होने पर आमजन व हिंदूवादी संगठनों के लोग आक्रोशित हो उठे। प्रशासन की ओर से नई मूर्ति लगवाने व अराजकतत्वों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं जमानियां के हेतिमपुर गांव स्थित मौजा बब्बनपुर में पीपल वृक्ष के नीचे स्थापित भगवान बुद्ध की मूर्ति को अराजकतत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त करने का मामला उजागर हुआ। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अराजकतत्वों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।