दिल्ली। भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर की पार्टी आजाद समाज पार्टी यूपी के पंचायत चुनाव में इंट्री करेगी। यह एलान चंद्रशेखर की ओर से किया गया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अपने बलबूते पंचायत चुनाव लड़ेगी। इस चुनाव में किसी अन्य दल का कोई सहयोग नहीं किया जायेगा। पंचायत चुनाव में ज्यादा सफलता प्राप्त करने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। चंद्रशेखर ने दावा किया पंचायत चुनाव में आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन काफी बेहतर रहेगा। माना जा रहा है कि पंचायत चुनाव में हिस्सेदारी करके चंद्रशेखर जमीनी स्तर पर अपनी पार्टी को मजबूत करना चाह रहे हैं। यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व होने जा रहा पंचायत चुनाव विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। ऐसे में हर दल की कोशिश है कि पंचायत चुनाव में उसका प्रदर्शन असरदार रहे ताकि विधानसभा चुनाव की रणनीति और बेहतर ढंग से बनाई जा सके।

0 Comments