गाजीपुर। सब्जी के जरिये जनपद की धमक लंदन व दुबई में एहसास कराने की पूरी तैयारी है। यह तैयारी भारत सरकार के वाणिज्य व उद्योग विभाग के अधिकारियों व कृषि वैज्ञानिकों की ओर से की गई है। इसी कवायद के तहत भांवरकोल क्षेत्र के पातालगंगा सब्जी मंडी में किसानों संग बैठक हुई। अधिकारियों व वैज्ञानिकों की ओर से बैठक में सब्जी निर्यात बढ़ाने पर जोर दिया गया। सब्जी के सबसे अधिक निर्यात का जोर लंदन व दुबई को लेकर दिया गया। यदि यह बैठक रंग लाई तो यकीन मानिए कि जनपद की सब्जी के चटखारे लंदन व दुबई के लोग भी लेंगे। यह अपने आप में जनपद के लिए गौरव की बात है। वहीं किसानों की ओर से उत्पाद का उचित मूल्य नहीं मिल पाने का मसला भी बैठक में उठाया। एपिडा के सहायक महाप्रबंधक सीबी सिंह के अनुसार उनका उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को निर्यात के माध्यम से उनके उत्पाद का लाभकारी मूल्य दिलाना है। पिछले वर्ष इस क्षेत्र के उत्पाद में जो मामूली मात्रा में ही दुबई व लंदन गये थे, इस बार प्रयास यह है कि सब्जी के निर्यात को बढ़ाया जाए और किसानों के उत्पाद भारी मात्रा में लंदन, दुबई, बांग्लादेश व भूटान सहित अन्य देशों में पहुंचे।