दिल्ली। यूपी के बरेली से शरारती तत्वों द्वारा पर्चे छपवाकर कोरोना वैक्सीन के खिलाफ दुष्प्रचार फैलाने का मामला प्रकाश में आया है। जिसके बाद हरकत में आई पुलिस की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है। जिला सर्विलांस अधिकारी डाक्टर रंजन गौतम के अनुसार राजेंद्र नगर क्षेत्र में टीके के बारे में यह दुष्प्रचार किया गया है कि इसमें कुछ आपत्तिजनक चीजें मिली हैं, लिहाजा इसका इस्तेमाल न किया जाए। पुलिस अधीक्षक नगर रविंद्र सिंह ने बताया कि पर्चे के माध्यम से शहर के राजेंद्र नगर क्षेत्र का माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। यह सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और पर्चा बरामद कर लिया गया है। बरामद पर्चों के आधार पर प्रेमनगर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही पूरे शहर में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है।

0 Comments