दिल्ली। वेब सीरीज तांडव को लेकर बवाल गहराता चला जा रहा है। अब यूपी की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाने में भी मेकर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। इस वेब सीरीज पर हिंदुओं की भावनाओं का अपमान करने का आरोप है। इसके पूर्व भाजपा नेता राम कदम की ओर से मुंबई में शिकायत दर्ज कराई गई थी। लखनऊ में सीरीज के डायरेक्टर अली अब्बास जफर, प्रोडयूसर हिमांशु कृष्ण मेहरा, राइटर गौरव सोलंकी सहित कई लोगों के खिलाफ हिंदुओं की भावनाओं को आहत पहुंचाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई गई है। दूसरी तरफ सूचना व प्रसारण मंत्रालय की ओर से अमेजान प्राइम को नोटिस जारी करके स्पष्टीकरण की मांग की गई है। मालूम हो कि इसके पूर्व भी एमेजान प्राइम वीडियो विवादों में फंस चुके हैं। वहीं आल इंडिया हिंदू महासभा के अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज की ओर से फिल्म के एक दृश्य को लेकर आपत्ति जताई गई है। उन्होंने कहा कि जो लोग सनातन धर्म के खिलाफ फिल्म व वेब सीरीज बनाते हैं, उन्हें फांसी पर चढ़ा देना चाहिए।