गाजीपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पर मुख्तार अंसारी को बचाने का गंभीर आरोप लगाया गया है। यह आरोप मुहम्मदाबाद की भाजपा विधायक अलका राय की ओर से लगाया गया है। इस संबंध में उनका एक वीडियो जारी किया गया है। गौरतलब हो कि अलका राय पूर्व विधायक कृष्णानंद राय की पत्नी हैं। वहीं वीडियो में कहा गया है कि यूपी की बीजेपी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी कि मुख्तार को पंजाब जेल से यूपी लाया जाए। इसकी नोटिस लेकर गाजीपुर पुलिस पंजाब गई थी लेकिन वहां के अधिकारियों ने इसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कांग्रेस सरकार व प्रियंका गांधी से निवेदन किया है कि ऐसे अपराधियों को बचाने की कोशिश न की जाए, उनको वहां से भेजा जाए ताकि कोर्ट में जो मुकदमा चल रहा है उसमें न्याय मिल सके। मालूम हो कि पूर्व में भी विधायक अलका राय की ओर से ऐसा ही आरोप प्रियंका गांधी व कांग्रेस पर लगाया गया था।