गाजीपुर। नंदगंज क्षेत्र के सराय शरीफ में आयोजित युवा क्रिकेट क्लब प्रतियोगिता के फाइनल मैच में सोमवार को ढेलवा की टीम ने करीमाबाद की टीम को 5 विकेट से हराकर फाइनल मैच जीत लिया। टॉस जीत कर पहले बैटिंग करने उतरी करीमाबाद की टीम 89 रन पर आल आउट हो गयी। जवाब में ढेलवा की टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 11 बाल पहले ही 90 रन के लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। मुख्य अतिथि भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के जिला संयोजक रविन्द्र श्रीवास्तव ने विजेता टीम को पांँच हजार नकद और कप तथा उपविजेता करीमाबाद की टीम को दो हजार पाँच सौ रुपया तथा कप देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता का मैन ऑफ दी सीरीज रहे आशीष कुमार को पाँच सौ रुपया और शील्ड देकर पुरस्कृत किया गया। इस युवा क्रिकेट क्लब प्रतियोगिता में कुल 24 टीमों ने भाग लिया था। इस अवसर पर रविन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि खेल जीवन का अंग है और आपसी प्रेम को बढ़ावा देता है। खेल में हार जीत लगी रहती है। किसी भी टीम को उदास नही होना चाहिए बल्कि औऱ उत्साह के साथ अपनी कमियों को दूर करते हुए आगे बढ़ना चाहिए तभी एक बड़ी जीत हासिल होती है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि गोपाल राय, मनोज बिन्द, अशोक दूबे, अनूप गुप्ता, बसंत बिन्द, दिनेश कुमार, रोहित, अनुराग शर्मा, रामनिवास, मदन आदि लोग उपस्थित रहे।