लखनऊ। प्रदेश सरकार की ओर से एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सहारनपुर के पिलखनी में आईटी पार्क बनाने का निर्णय लिया गया है। इसका मकसद प्रदेश में आइटी उद्योग को प्रोत्साहित करना है। सूचना प्रौद्योगिकी व स्टार्टअप नीति 2017 के अनुसार सभी मंडलों में आइटी पार्क व साफ्टवेयर टेक्नोलाजी पार्क बनाने की योजना बनाई गई है। आइटी व इलेक्ट्रानिक्स विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार के अनुसार साफ्टवेयर टेक्नोलाजी पार्कस आफ इंडिया यानी एसटीपीआइ भारत सरकार के सहयोग से प्रदेश के सभी मंडलों में आइटी पार्क बनाये जाने हैं। सहारनपुर में 200 एकड़ में विकसित किय जा रहे पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र में 3 एकड़ में आइटी पार्क स्थापित किये जाने का प्रस्ताव है।