लखनऊ। यूपी में जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख पद का चुनाव अप्रैल माह में कराने की तैयारी की जा रही है। ऐसा इसलिए कि दोनों पदों का कार्यकाल एक समान हो जाए। 13 जनवरी को जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है। वहीं ब्लाक प्रमुख अपने पदों पर 21 मार्च तक काबिज रहेंगे। यूपी के 25 जनपदों में पंचायत परिसीमन पूरा हो गया है। 16 जनवरी तक परिसीमन प्रक्रिया पूरी हो जाने की उम्मीद है। जिसके बाद आरक्षण फार्मूला भी लागू हो जायेगा। 27 जनवरी तक मतदाता सूचियों के प्रकाशन होने के बाद फरवरी के दूसरे सप्ताह तक चुनाव कार्यक्रम जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है। 31 मार्च तक मतदान कराकर अप्रैल के पहले सप्ताह में मतगणना का कार्य भी संपन्न हो जायेगा। जिला पंचायत अध्यक्ष का कार्यकाल पूरा होने पर जिलाधिकारियों को बतौर प्रशासक नियुक्त किया जायेगा। वहीं ब्लाक प्रमुख के स्थान पर एसडीएम को प्रशासन बनाने का निर्णय लिया गया है।