गाजीपुर। कासिमाबाद व नंदगंज थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में साधु वासुदेव राम 80 व छात्र शिवम यादव 16 की मौत हो गई। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के बिजौरा गांव निवासी वासुदेव राम लगभग चार-पांच वर्षों से बड़ागांव पंचायत भवन स्थित रविदास मंदिर में रहते थे। मंदिर के बगल में गोलू आटोमोबाइल के यहां कार की मरम्मत हो रही थी। वहीं वासुदेव अलाव ताप रहे थे, इसी बीच चालक कार का ट्रायल ले रहा था, तभी कार की रफ्तार तेज हो गई, वह अनियंत्रित होकर मंदिर की डिवाइडर को तोड़ वासुदेव को रौंदते हुए पंचायत भवन की दीवार से टकरा गई। घायल वासुदेव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद ले जाया गया, यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं देवकली क्षेत्र के बड़हरा निवासी हाईस्कूल का छात्र शिवम यादव कोचिंग पढ़ने के लिए देवकली जा रहा था। गाजीपुर वाराणसी हाइवे पर ब्लाक मोड़ के समीप गाजीपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी।