लखनऊ। सूबे में आगामी विधानसभा चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे सियासतदानों की हलचल बढ़ती जा रही है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं। वह प्रदेश स्तर पर विभिन्न छोटी पार्टियों को मिलाकर एक गठबंधन बनाने की कवायद में जुटे हुए नजर आ रहे हैं। यदि विभिन्न दलों को मिलाकर एक गठबंधन का रूप दिया जाता है, तो जाहिर सी बात है कि इसका असर बड़े दलों के समीकरण पर पड़ेगा और पूरे प्रदेश की राजनीति इससे प्रभावित होगी। कुल मिलाकर आगामी विधानसभा चुनाव का समीकरण बेहद रोचक होने जा रहा है। ताजा घटनाक्रम के तहत ओमप्रकाश राजभर की मुलाकात भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर के बीच हुई है। इससे पहले ओमप्रकाश राजभर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव संग वार्ता कर चुके हैं। इस दौरान शिवपाल सिंह यादव का रूख बेहद सकारात्मक दिखा। वहीं आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असुद्दीन ओवैसी के साथ भी उनकी वार्ता हो चुकी है। बताया जाता है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भीम आर्मी का असर काफी अच्छा है।

0 Comments