गाजीपुर। मातृभूमि जखनियां संगठन के तत्वावधान में चैजा तिराहे पर मातृभूमि रसोई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाजार सहित ग्रामीण अंचलों के काफी संख्या में लोगों ने भाग लेकर एक साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान किसी प्रकार का कोई भेदभाव नजर नहीं आया। चाहे अमीर हो या गरीब या फिर जाति कोई हो, हर वर्ग के लोग साथ नजर आए। यानी कार्यक्रम के जरिये एक तरह से सामाजिक समरसता व बंधुत्व का संदेश दिया गया। मौका था ओमजी महाविद्यालय के प्रबंधक मनोज सिंह के जन्मदिन का। खुद के जन्मदिन पर मनोज सिंह की ओर से यह नायाब व शानदार पहल की गई थी। कार्यक्रम का आयोजन संगठन बगैर किसी सरकारी सहयोग के करता है। बीते 5 महीनों से संगठन की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जन्मदिन के अवसर पर मनोज सिंह की ओर से भोजन के रूप में पनीर की सब्जी, पुलाव, पूड़ी आदि की व्यवस्था की गई थी। लगभग 100 लोगों ने एक साथ सहभोज किया। मनोज सिंह ने कहा कि सभी लोग बराबर हैं। इसलिए किसी भी प्रकार का भेदभाव करना गलत है। समरसता व बंधुत्व की भावना के बल पर ही हम क सभ्य व आदर्श समाज का निर्माण कर सकते हैं। वास्तव में यही सच्ची मानवता भी है। उन्होंने कहा कि हमें समाज में एक-दूसरे के साथ मिलजुलकर रहना चाहिए। वहीं कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मनोज सिंह का आभार जताया और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।

0 Comments