गाजीपुर। गजल होटल के अवैध हिस्सों को ढहाने के लिए प्रशासन का बुल्डोजर चल रहा है। वहीं इसको लेकर पूरे नगर में चर्चा है। लोगों के अंदर इसको लेकर जिज्ञासा देखी जा रही है। दूसरी तरफ इसको लेकर बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के विरोधी मन ही मन गदगद हैं। वहीं समर्थकों ने चुप्पी साध रखी है लेकिन उनके चेहरे के भाव से प्रतीक हो रहा है कि वह मायूस हैं। नगर के मध्य महुआबाग में स्थित गजल होटल की काफी अहमियत रही है। काफी समय से गजल होटल को लेकर अटकलों का बाजार गर्म था कि अवैध हिस्से पर बुल्डोजर चलेगा कि नहीं लेकिन डीएम कोर्ट से मालिकान की अपील खारिज कर देने के बाद आज सुबह ही प्रशासन पोकलैंड के साथ मौके पर धमक पड़ा। जिसके बाद अवैध हिस्से को गिराने का कार्य शुरू किया गया। वहीं गजल होटल के अवैध हिस्से को ढहाने की प्रक्रिया को बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी व उनके कुनबे के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।