लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा व बसपा पर करारा निशाना साधा है। उनके इस सियासी वार के संदर्भ में राज्यसभा चुनाव है। उन्होंने कहा कि जो भाजपा से चुपचाप मिले हैं, उनका पर्दाफाश जरूरी था। इसलिए उन्होंने राज्यसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि हमारा मकसद था कि मतदान हो और सच जनता के सामने आए। एक तरह से उनका इशारा बसपा की ओर था। मालूम हो कि जब से बसपा सुप्रीमो मायावती की ओर से बयान दिया गया है कि वह सपा को विधान परिषद में हराने के लिए कुछ भी कर सकती हैं। यहां तक कि भाजपा प्रत्याशी को भी बसपा समर्थन दे सकती है, तब से सपा बसपा पर हमलावर है। बसपा पर आरोप लगाया जा रहा है कि वह भाजपा की बी टीम है तथा पर्दे के पीछे भाजपा व बसपा का आपसी गठजोड़ है। वहीं अखिलेश यादव ने एक बड़ा बयान दिया कहा कि सत्ता में आने के बाद महापुरुषों के नाम की जो छुट्टियां भाजपा सरकार ने रद्द की है, उसे फिर से बहाल किया जायेगा।