दिल्ली। वर्तमान में कोविड19 के निशाने पर यूपी के मंत्री चल रहे हैं। यूपी से एक और मंत्री के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर प्रकाश में आई है। नया मामला योगी सरकार के पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी का है। उन्होंने स्वयं ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने यह भी कहा कि बीते दिनों जो लोग उनके संपर्क में आए थे, वह खुद को आइसालेट करके अपनी जांच करवा लें। मालूम हो कि इसके पूर्व 16 अगस्त को कोरोना संक्रमण के कारण होमगार्ड मंत्री चेतन चौहान व बीते 2 अगस्त को प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण की मौत हो गई थी। वहीं पूर्व में स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह, ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, आयुष राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धरम सिंह सैनी, खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार उपेंद्र तिवारी, श्रम निर्माण एवं परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष ठाकुर रघुराज सिंह तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह भी कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। वहीं कोविड19 के संक्रमण से कोई भी बच नहीं पा रहा है। आम से लेकर खास तक इसका दायरा बढ़ता ही जा रहा है।

0 Comments