गाजीपुर। किस्सा कुर्सी का यानि बात जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव का। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बड़ी संख्या में निर्दल प्रत्याशी भी जिला पंचायत सदस्य पद पर निर्वाचित हुए हैं। ऐसे में तय है कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में ये किंग मेकर की भूमिका में होंगे क्योंकि विभिन्न दलों के बैनर से नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य कहीं न कहीं वह अपनी—अपनी पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पित रहेंगे लेकिन निर्दल इस मामले में पूरी तरह से स्वतंत्र स्थिति में रहेंगे। ऐसे में निर्दल नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों का रुख जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कैसा रहेगा, यह काफी दिलचस्प होगा। माना जा रहा है कि निर्दल ​नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य जिला पंचायत अध्यक्ष पद के किसी भी दावेदार का समीकरण बिगाड़ भी सकते हैं और बना भी सकते हैं। यही कारण है कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी की चाबी निर्दलियों के हाथ में नजर आ रही है। वैसे जिला पंचायत अध्यक्ष पद के संभावित दावेदार अभी से निर्दलियों को साधने की कवायद में जुट गये हैं। भविष्य में यह देखने वाली बात होगी कि निर्दलियों का समर्थन किसके पक्ष में जाता है।