वाराणसी। मौजूदा वक्त आपदा का है। कोराना रूपी महामारी से हम सभी लोग जूझ रहे हैं लेकिन कुछ मुनाफाखोर व वसूली गैंग के लोग इस आपदा को अवसर के रूप में भुना रहे हैं। बाजार में कई चीजों के दाम काफी बढ़ गये हैं। जिसके कारण लोगों को आर्थिक रूप से दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। एक तो लॉकडाउन के कारण आय के स्रोत बंद हैं तो उपर से कई चीजों के लिए उन्हें निर्धारित कीमत से अधिक रुपये भुगतान करना पड़ रहा है। किराने के कई सामान से लेकर फल व सब्जी तक के दाम में वृद्धि देखने को मिल रही है। नींबू तक महंगा हो गया। यही हाल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी है। ऐसे में हर एक चीज के दामों की मानीटरिंग व उनके निर्धारण की जरूरत है ताकि लोगों की जेब पर भार न पड़े।