गाजीपुर। कोविड मरीजों को जिला अस्पताल में किसी तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए डीएम एमपी सिंह की ओर से लगातार कदम उठाया जा रहा है। इसी के तहत डीएम स्तर पर एक नई व्यवस्था की शुरुआत की गई है। नई व्यवस्था के अंतर्गत मजिस्ट्रेटों की दो टीमों को गठित किया गया है। इनमें से एक टीम की तैनाती जिला अस्पताल में स्थापित होने वाले सहायता केंद्र पर रहेगी। यदि जिला अस्पताल में किसी मरीज को कोई दिक्कत या असुविधा होती है तो उसके तीमारदार सहायता केंद्र पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। शिकायत केंद्र पर तैनात उक्त टीम को अपने स्तर से समस्या के निराकरण की कोशिश की जायेगी। किन्हीं कारणवश ऐसा नहीं हो पाता है तो पूरे प्रकरण से तुरंत डीएम को अवगत कराया जायेगा। जिला अस्पताल सहायता केंद्र पर टीम 24 घंटे एक्टिव मोड में रहेगी। सबसे खास बात यह है कि जिला अस्पताल सहायता केंद्र में तैनात अधिकारी स्वास्थ्य विभाग से संबंधित नहीं होंगे। यहां पर आक्सीजन, रेगुलेटर व स्वास्थ्य संबंधित सभी प्रकार की समस्याओं तथा शिकायतों का निराकरण किया जायेगा। इसके अलावा दूसरी टीम में भी मजिस्ट्रेट शामिल होंगे। यह टीम कभी जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करके ग्राउंड की रियल्टी चेक कर सकती है। टीम निरीक्षण की रिपोर्ट से डीएम को भी अवगत करायेगी।