गाजीपुर। अब तक जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जिन—जिन दावेदारों की ओर से दावेदारी ठोंकी जा रही है, वे सभी आर्थिक रूप से काफी समृद्ध हैं। वैसे भी सियासी गलियारे में इस बात को काफी मजबूती से कहा जाता है कि कुछ अपवादों को कुछ छोड़ दिया जाए तो जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में धनबल का गहरा प्रभाव होता है। आर्थिक रूप से कमजोर दावेदारों की इस चुनाव में कोई जगह नहीं होती है, यह एक कड़वी सच्चाई है। यदि कोई पूर्व चेयरमैन पंचरत्न देवी का उदाहरण देकर खारिज करे तो उसे यह बात समझनी होगी कि हर जगह अपवाद की संभावना होती है। वहीं हॉर्स ट्रेडिंग के तहत पहली शर्त दावेदार का धनपशु होना जरूरी है, तभी चुनावी नैय्या पार लग सकती है। यही कारण है कि अक्सर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में हॉर्स ट्रेडिंग देखने को मिलती है। हॉर्स ट्रेडिंग एक ऐसा पैटर्न है, जिसके आगे अच्छे—अच्छे निष्ठावानों की खुद के दल के प्रति समर्पित भावना एक बार डगमगा तो जाती ही है। पूर्व में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के कई चुनावों में हॉर्स ट्रेडिंग का बोलबाला देखा जा चुका है। इस बार अब तक जो चेहरे जिला पंचायत चेयरमैन पद को लेकर सामने आए हैं, वह सभी आर्थिक रूप से मजबूत हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या हॉर्स ट्रेडिंग होगा। चूंकि इस बार का चुनाव काफी रोचक होने जा रहा है तो पूरी संभावना है कि हॉर्स ट्रेडिंग के हथियार के जरिये अंदरखाने में इस चुनाव को प्रभावित करने की पूरी कोशिश की जाए। सूत्र यह भी बता रहे हैं कि हॉर्स ट्रेडिंग के जरिये नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को स्कार्पियों से लेकर रुपये व अन्य चीजों का प्रलोभन दिया जा सकता है। यदि वाकई में हॉर्स ट्रेडिंग का खेल शुरू होगा तो यह भी दिलचस्प होगा कि इस खेल में भारी कौन पड़ता है। हॉर्स ट्रेडिंग सियासत का ऐसा फार्मूला है, जिसके जरिये निर्दलियों को अपने पाले में खींचा तो जाता ही है, दलीय राजनीति करने वालों को भी तोड़ने की संभावना बराबर बनी रहती है। हॉर्स ट्रेडिंग फार्मूले का इस्तेमाल केवल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में ही नहीं किया जाता है बल्कि इसकी झलक तो पूर्व में कई प्रदेशों के अंदर सरकार गिराने व बनाने में भी देखने को मिली है। कुल मिलाकर यह देखना मजेदार होगा कि हॉर्स ट्रेडिंग का खेला शुरू होता है कि नहीं और यदि शुरू होता है तो इसमें भारी कौन पड़ेगा और इसका असर किस तरह जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव पर पड़ेगा। वैसे हॉर्स ट्रेडिंग का खेल पूरी तरह से गोपनीयता बरतते हुए पर्दे के पीछे से खेला जाता है।