गाजीपुर। जिले में चोर जमकर तांडव मचा रहे हैं। वहीं चोरी की लगातार घटनाओं के कारण पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। कासिमाबाद, मरदह व खानपुर क्षेत्र में तीन चोरियां हुईं। चोरों ने 43 हजार नकदी समेत लगभग चार लाख रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। कासिमाबाद के धरवाकलां में तारीख अहमद के मकान से चोरों ने दो सेट हार, दो जोड़ी झाला, पायजेब दो जोड़ी, मांगटीका, नथिया, अंगूठी चुरा लिया। चोरों ने उनके पड़ोसी श्यामलाल पांडेय व तारकेश्वर पांडेय के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए लेकिन वहां उनको कुछ नहीं मिला। वहीं मरदह चट्टी पर स्थित अरविंद चौहान की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने 43 हजार रुपये नकदी सहित हजारों रुपये के डीजल व मोबिल सहित एलईडी टीवी चुरा लिया। खानपुर बाजार में रामचंद्र बिंद की मेडिकल की दुकान से हजारों रुपये की दवाइयां चोर चुरा ले गये।