लखनऊ। प्रदेश की राजधानी व गौतमबुद्धनगर के बाद अब वाराणसी व कानपुर में भी पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होगी। यह महत्वपूर्ण निर्णय प्रदेश सरकार की ओर से लिया गया है। इसका मकसद अपराध व अपराधियों पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण करना है। सूबे में कानपुर व वाराणसी का काफी महत्व है क्योंकि कानपुर को आर्थिक राजधानी कहा जाता है तो काशी पीएम मोदी का संसदीय क्षेत्र है। कानपुर के 34 व वाराणसी के 18 शहरी क्षेत्र के थाने पुलिस कमिश्नर के अंतर्गत होंगे। कानपुर नगर के 11 थानों को कानपुर आउटर से संबंद्ध किया जायेगा। जबकि वाराणसी के 10 थाना क्षेत्र नये सिस्टम के तहत वाराणसी ग्रामीण परिक्षेत्र की जिम्मेदारी संभालेंगे।