आजमगढ़। कुख्यात माफिया व जरायम की दुनिया का चर्चित नाम कुंटू सिंह के खिलाफ योगी सरकार का बुल्डोजर एक बार फिर से गरजा है। इस बार निशाने पर उसका रुद्र प्रताप पालीटेक्निक कॉलेज भवन रहा। मालूम हो कि मोहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के पूर्व प्रमुख अजीत सिंह की हत्या में कुंटू सिंह आरोपित है। वहीं पालीटेक्निक कॉलेज का भवन गिराने की कार्रवाई देर रात तक चली। इसके कारण कुंटू सिंह के समर्थकों में हड़कंप मचा रहा। कुंटू सिंह का पालीटेक्निक कॉलेज सगड़ी तहसील के देवपुर कमालपुर में स्थित है। वह यूपी के टाप टेन माफियाओं में शामिल है। अब तक उसकी 13 करोड़ की संपत्ति प्रशासन जब्त कर चुका है। इसके पूर्व जीयनपुर स्थित उसके एक मकान को ध्वस्त किया गया था। सूत्रों का कहना है कि प्रशासन का सख्त रुख यही पर थमने वाला नहीं है बल्कि आने वाले दिनों में उसके खिलाफ और कार्रवाई होनी तय है।