गाजीपुर। मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के कठउत की दशदेइया ग्राम पंचायत में भीटा की जमीन पर अतिक्रमण करके कुछ लोगों ने मकान बना लिया है। अतिक्रमण को हटाने गये राजस्व व पुलिस टीम पर हमला बोल दिया गया। हमले में दरोगा घायल हो गये। जिसके बाद पुलिस की ओर से 25 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बताया जाता है कि न्यायालय के आदेश पर राजस्व व पुलिस की टीम अवैध तरीके से बने 15 मकानों को गिराने के लिए मौके पर गई थी। अभी मकान गिराने की कार्यवाही शुरू ही हुई थी कि किसी ने अफवाह उड़ा दी कि दो—तीन लोग मलबे में दब गये हैं। इसकी सच्चाई जानने के लिए नायब तहसीलदार व कोतवाल दूसरी तरफ चले गये। इसी बीच अंधेरे का लाभ उठाते हुए कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। हमले में भांवरकोल थाने के इंस्पेक्टर बृजेश मिश्रा का हाथ फ्रैक्चर हो गया। इस मामले में 7 नामजद व 18 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।