गाजीपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर नामंकन 17 व 18 अप्रैल को होगा। पंचायत चुनाव 29 अप्रैल को होना तय है। इसको लेकर निर्वाचन आयोग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना जारी होने के बाद विभिन्न पदों के दावेदार पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुके हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार कोई भी सरकारी अधिकारी व कर्मचारी किसी भी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार नहीं करेगा। साथ ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए विकास भवन स्थित डीआरडीए में कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। इसका नंबर 0548—2221303 है। वहीं नामांकन सुबह आठ से शाम पांच बजे तक होगा। नामांकन पत्रों की जांच 19 व 20 अप्रैल को सुबह आठ बजे से कार्य की समाप्ति तक की जायेगी। नामांकन वापसी की प्रक्रिया 21 अप्रैल को सुबह आठ से दोपहर तीन बजे तक निर्धारित है। प्रतीक आवंटन 21 अप्रैल को दोपहर तीन बजे के बाद किया जायेगा। 29 अप्रैल को मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक किया जायेगा। वहीं मतगणना दो मई को सुबह आठ बजे से शुरू होकर समस्त मतों की गिनती तक चलेगी।

0 Comments