गाजीपुर। गांवों की सरकार की बात की जाए और अंसारी बंधुओं का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। सियासत के जानकार इस बात से अच्छी तरह से वाकिफ हैं कि सियासी रूप से जमीनी स्तर पर उनकी पकड़ किस कदर मजबूत है। भले ही वह किसी दल में रहें लेकिन उनकी यह पकड़ हमेशा बनी रही है। ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज है। जिला पंचायत अध्यक्ष का पद सामान्य महिला हो गया है। लेकिन इतना तय है कि जिसे अंसारी बंधुओं का समर्थन मिलेगा, वहीं इस पद तक पहुंचेगा। इस बात की पुष्टि खुद बीते हुए कल करते हैं। जनपद में कई सियासी अखाड़िये हैं लेकिन बात जब गांवों की सरकार की आती है तो इन सभी अखाड़ियों का गुणा—गणित फेल हो जाता है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव से लेकर एमएलसी चुनाव तक में अंसारी बंधुओं की हनक पूर्व में दिख चुकी है। ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के कौन—कौन दावेदार भविष्य में सामने आते हैं और किन्हें अंसारी बंधुओं का समर्थन मिलता है। लेकिन माना जा रहा है कि इस प्रतिष्ठापरक सीट पर कब्जा करने को लेकर अंदरखाने कई दिग्गज दावेदारी को लेकर तैयारी कर रहे हैं। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में इस पद को लेकर रोचक सियासी तस्वीर देखने को मिलेगी।

0 Comments