वाराणसी। शादी हर इंसान की जिंदगी में एक अहम स्थान रखता है। इसके जरिये एक नये सफर की शुरुआत होती है। इस सफर में शादी के जरिये एक हमसफर का साथ मिलता है। इसीलिए हर किसी की ख्वाहिश होती है कि उनके नये सफर की शुरुआत कुछ खास हो। यदि आप भी इस पल को यागदार बनाना चाहते हैं तो यूपी में आपका स्वागत है। यूपी में आपको मौका मिलेगा कि आप अपने इस खास पल को नये अंदाज में सेलिब्रेट कर सकते हैं। जरा कल्पना करके देखिए कि गंगा की लहरों पर शहनाइयां बजेंगी, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे होंगे और इन सबके बीच आप खुद को प्राकृतिक के गोद में पायेंगे। वाकई, कितना अद्भुत व शानदार नजारा होगा। दरअसल गंगा की लहरों पर रो—रो क्रूज यानी जलपोत चलाने की तैयारी हो गई है। टेंडर प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। मार्च से इसके संचालन की उम्मीद जताई जा रही है। पहले चरण में बनारस से मीरजापुर वाया चुनार तक इसका संचालन होगा। रो—रो को शादी, पार्टी व सैर—सपाटा के लिए बुकिंग कराया जा सकता है। इसमें 200 लोग बैठ सकते हैं।

0 Comments